राजनांदगांव । नेशनल हाईवे पर चिचोला-पाटेकोहरा बेरियर के पास बुधवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवकों की सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके चलते तीनों की मौत हो गई। चिचोला पुलिस मृतकों की शिनाख्त में जुटी है।
डोंगरगढ़ एसडीओपी आशीष कुंजाम ने बताया कि पाटेकोहरा बेरियर से नागपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर एक ट्रक खड़ी थी। इसी दौरान बाइक सवार तीनों युवक तेज रफ्तार में ट्रक से टकरा गए।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, तेज रफ्तार और सामने खड़ी ट्रक पर ध्यान न देने के कारण यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह घटना सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर करती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नेशनल हाईवे पर बेहतर साइनेज, स्पीड ब्रेकर और यातायात नियंत्रण के उपायों की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

