4-5अक्टूबर को सद्गुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज का मंगल आगमन

कोरबा।श्री प्रेम प्रकाश आश्रम चेरिटेबल ट्रस्ट जयपुर के राष्ट्रीय मंडलाध्यक्ष सद्गुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज का मंगल आगमन 4 और 5 अक्टूबर को कोरबा में होने जा रहा है। यह आयोजन श्री प्रेम प्रकाश आश्रम कोरबा शाखा के 54वें वार्षिकोत्सव और सद्गुरु स्वामी सर्वानंद महाराज के 129वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव की शुरुआत 1 अक्टूबर से प्रातः 9 बजे “श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ” के पाठ साहेब के साथ होगी। 1 से 3 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे और संध्या 5 से 7 बजे तक भजन, सत्संग और आरती का आयोजन होगा।

4 अक्टूबर को दोपहर में स्वामी जी और उनकी भजन मंडली का कोरबा में भव्य स्वागत श्री सत्य देव मंदिर परिसर में पूज्य सिंधी पंचायत और प्रेम प्रकाश सेवा समिति की अगुवाई में किया जाएगा। इसके बाद एक विशाल शोभायात्रा के साथ स्वामी जी को हेमू कालाणी नगर, रानी रोड स्थित श्री प्रेम प्रकाश आश्रम ले जाया जाएगा।

संध्या 5 से 7:30 बजे तक सिन्धु भवन में स्वामी जी के सत्संग का आयोजन होगा, जिसके बाद आम भंडारे का कार्यक्रम होगा।

5 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे से स्वामी जी की अगुवाई में सत्संग, हवन-पूजन, ध्वजारोहण और “श्री साहेब” पाठ का समापन होगा। इसके बाद सिन्धु भवन में विशाल आम भंडारा आयोजित होगा।

संध्या 5 से 7:30 बजे तक सत्संग और भजन के बाद मंगल आरती, अरदास और “पल्लव” (विश्व कल्याण की प्रार्थना) के साथ वार्षिक मेले का समापन होगा।

श्री प्रेम प्रकाश आश्रम सेवा समिति कोरबा ने सभी धर्म प्रेमियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर स्वामी जी के सत्संग और दर्शन का लाभ उठाएं और अपने जीवन को सफल बनाएं।