स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान: 1347 लोगों की सिकल सेल स्क्रीनिंग, मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित

कोरबा।जिले में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मेगा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, पोषण आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाई गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, विकासखंडों में ‘स्वस्थ मां दिवस’ थीम पर आयोजित शिविरों में 9047 लोगों की विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई।

इसमें हाइपरटेंशन के 5020, डायबिटीज के 4890, और कैंसर (मौखिक, स्तन, और सर्वाइकल) के 4401 लोगों की जांच शामिल है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 593 गर्भवती महिलाओं, 4583 महिलाओं, किशोरियों और बच्चों की एनीमिया जांच की गई, साथ ही 103 बच्चों का टीकाकरण हुआ।

क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 3744 लोगों की स्क्रीनिंग की गई और 38 लोगों को निक्षय मित्र के रूप में पंजीकृत किया गया। सिकल सेल जांच अभियान के तहत 1347 लोगों की सिकल सॉल्यूबिलिटी जांच की गई। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना के तहत 13 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

कलेक्टर अजीत वसंत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, महिलाओं और किशोरियों से अपील की है कि वे इन स्वास्थ्य शिविरों में शामिल होकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम उठाएं।