हादसों का सबब बनने से पहले हटाए गए सात ट्रेलर, कोरबा पुलिस की सख्त कार्रवाई

त्योहारी सीजन में सड़क पर यातायात बाधित करने वालों पर शिकंजा, मानिकपुर और राताखार बाईपास से वाहन जब्त; चालक गिरफ्तार

कोरबा। त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सड़क हादसों की आशंका कम करने के लिए कोरबा पुलिस ने सड़क पर बेतरतीब ढंग से ट्रेलर खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। बीते 15 और 16 अक्टूबर को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सात ट्रेलर जब्त कर उनके चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस के अनुसार, सड़क पर भारी वाहन खड़े रहने से आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए चौकी मानिकपुर और थाना कोतवाली की टीम ने कार्रवाई की। मानिकपुर पुलिस ने अमरैया पारा-मुड़ापार बाईपास रोड क्षेत्र में, जबकि कोतवाली पुलिस ने राताखार बाईपास पर सड़क पर खड़े ट्रेलरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया।

सात ट्रेलर जब्त, चालकों पर वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने जिन सात ट्रेलर वाहनों को जब्त किया है, उनके पंजीयन नंबर इस प्रकार हैं
CG 12 BG 7284
CG 12 AU 7204
CG 12 BG 7282
CG 12 AU 2488
CG 12 BH 1674
CG 12 BJ 0640
CG 12 BG 7113

सड़क पर वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने के मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 285 के तहत कार्रवाई की है।

इन सात आरोपियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए आरोपियों में बलि राम कोर्राम (23), निवासी रामपुर, थाना पसान, जिला कोरबा; रामप्रवेश पासवान (41), निवासी खरौदी, थाना कोन, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश); गुलाब सिंह गोंड (26), निवासी लालपुर, थाना बांगो, जिला कोरबा; पहलाद यादव (44), निवासी लाटागांव मैहर, थाना बघेरा, जिला मैहर (मध्य प्रदेश); रघुनाथ सिंह (27), निवासी गनियारीकला, थाना धुरकी, जिला गढ़वा (झारखंड); गीता प्रसाद यादव (27) और राजकुमार विश्वकर्मा (22), दोनों निवासी माचा डोली, थाना बांगो, जिला कोरबा शामिल हैं।

सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचें
कोरबा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें। विशेषकर त्योहारों के दौरान यातायात और आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखते हुए निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर आवागमन सुगम बनाए रखना और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।