स्कूटी से गिरकर डिप्टी सीएम अरुण साव घायल, पैर में चोट

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव स्कूटी चलाते समय सड़क के गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। हादसे में उनके पैर में चोट आई है। शनिवार को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में चिकित्सकों ने उनके पैर की जांच और एक्स-रे किया। इसके बाद कच्चा प्लास्टर बांधकर उन्हें आराम करने की सलाह दी गई। चोट के कारण उनके निर्धारित कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार को लोरमी में थे। शाम के समय वे स्कूटी से दुर्गा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन करने निकले थे। एक पंडाल में दर्शन के बाद वे दूसरे पंडाल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर मौजूद गड्ढे के कारण उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वे गिर पड़े। हादसे में उनके पैर में चोट लग गई।

गिरने के बाद उन्हें उठने में कुछ परेशानी हुई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें सहारा देकर उठाया और कुछ देर आराम कराया। इसके बाद वाहन की व्यवस्था कर उन्हें घर पहुंचाया गया। पैर में दर्द बने रहने पर वे शनिवार को बिलासपुर पहुंचे और सिम्स में चिकित्सकों से परामर्श लिया।

सिम्स में जांच के बाद डॉक्टरों ने दी आराम की सलाह
सिम्स में चिकित्सकों ने उनके पैर का एक्स-रे किया।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जांच में गंभीर चोट सामने नहीं आई और पैर में मोच की बात कही गई। चिकित्सकों ने प्रभावित पैर पर कच्चा प्लास्टर बांधकर उन्हें आराम करने की सलाह दी। फिलहाल उप मुख्यमंत्री अपने घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

चोट के चलते कार्यक्रम निरस्त
पैर में चोट और चिकित्सकों की आराम करने की सलाह के चलते उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्धारित कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। चोट के कारण वे आगामी सार्वजनिक कार्यक्रमों और दौरों में शामिल नहीं हो सकेंगे। उनके स्वास्थ्य में सुधार के बाद आगे की गतिविधियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।