महासप्तमी पर मां सर्वमंगला मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 12 हजार ज्योति कलश से जगमगाया दरबार

देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने प्रज्वलित किए मनोकामना ज्योति कलश, सुगम दर्शन के लिए मंदिर प्रबंधन ने किए विशेष इंतजाम

कोरबा। शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी पर हसदेव नदी के तट पर स्थित मां सर्वमंगला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। नवरात्रि के पावन अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। इस वर्ष मंदिर में प्रज्वलित लगभग 12 हजार मनोकामना ज्योति कलश की रोशनी से मां का दरबार जगमगा रहा है।

देश-विदेश से प्रज्वलित हुए 12 हजार ज्योति कलश
मंदिर के राजपुरोहित एवं प्रबंधक नमन पांडे ने बताया कि शारदीय नवरात्रि का पर्व मंदिर परिसर में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने लगभग 12 हजार मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए हैं। ज्योति कलशों की जगमगाहट से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया है। मान्यता है कि मां सर्वमंगला अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
नवरात्रि में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की हैं। दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को परेशानी न हो, इसके लिए पेयजल, धूप से बचाव के लिए तंबू और शेड की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ पुलिस बल भी तैनात है। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पूजन सामग्री की दुकानों से सजा मेला परिसर
महासप्तमी के अवसर पर मंदिर के आसपास मेला परिसर भी रौनक से भर गया है। यहां पूजन सामग्री सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी हुई हैं। माता के दर्शन के साथ श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक सामग्री खरीदते नजर आए।

दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने मां सर्वमंगला के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

शारदीय नवरात्रि के चलते मां सर्वमंगला मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है। आस्था, पूजा-अर्चना और ज्योति कलशों की रोशनी से मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल है।