कोरबा। नवरात्र और आगामी दशहरा व दीपावली के त्यौहारी सीजन को देखते हुए कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी सामान पर नकेल कसने के लिए अभियान शुरू किया है। पहले दिन खाद्य निरीक्षक विकास भगत की अगुवाई में विभागीय टीम ने जिले के 8 प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्रित किए।
इनमें शॉपर मार्ट निहारिका से मूंगफली और सनफ्लावर तेल, कृष्णा बिग बाजार बालको से आचार, रिलायंस जियो मार्ट टी.पी. नगर से बेसन और नमक, अन्नपूर्णा ट्रेडर्स कटघोरा से सूजी, अभिषेक जनरल स्टोर कुसमुंडा से सूजी और साबूदाना, वैभव इंटरप्राइजेस छुरी से दलिया और घी, तथा विष्णु जनरल स्टोर जमनीपाली से घी के सैंपल शामिल हैं।


सभी सैंपल जांच के लिए रायपुर की खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। त्यौहारी सीजन में मिलावटी सामान की बिक्री को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है, क्योंकि इस दौरान दुकानदार अक्सर मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने का प्रयास करते हैं, जो लोगों की सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। विभाग ने दुकान संचालकों को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (एफएसएसआई) के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान त्यौहारी सीजन के दौरान और तेज किया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















