प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से आत्मनिर्भर बनेगा भारत, नि:शुल्क बिजली का संकल्प: विधायक पटेल

कोरबा। कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। यह योजना न केवल घरों को रोशनी दे रही है, बल्कि आम उपभोक्ताओं को ऊर्जा उत्पादक बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त कर रही है। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क बिजली का संकल्प लोगों और राष्ट्र को मजबूत करेगा।

छत्तीसगढ़ बिजली कंपनी द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत कटघोरा के शासकीय कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में विधायक पटेल ने यह बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना पूरे भारत को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

कार्यशाला में ग्रामीण और शहरी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई लोगों ने मौके पर ही योजना में पंजीयन कराया।

लाभार्थी श्रवण अजगले ने बताया कि इस योजना से उनकी बिजली की समस्या खत्म हुई है। अन्य हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

इस दौरान विधायक पटेल ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो आसपास के गांवों में जाकर लोगों को योजना की जानकारी देगा और पंजीयन के लिए प्रोत्साहित करेगा।

कार्यक्रम में एसडीएम तन्मय खन्ना, विद्युत विभाग कोरबा के एसई बीके सरकार,बिलासपुर के ईडी एके अंबस्ट,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पंचायत पदाधिकारी मौजूद रहे।