एसईसीएल के राखड़ परिवहन के खिलाफ आक्रोश, ग्रामीणों ने रोका काम,सड़क पर उतरे

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अनियमित राखड़ परिवहन से परेशान कोरबा के वार्ड नंबर 9 सीतामणी और वार्ड नंबर 10 भिलाई खुर्द के निवासियों ने सोमवार को खदान के अंदर राखड़ परिवहन ठप कर दिया। पार्षदों के नेतृत्व में गुस्साए ग्रामीणों के प्रदर्शन से वाहनों की लंबी कतार लग गई।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राखड़ परिवहन में नियमों की अनदेखी की जा रही है। डंपिंग के बाद मिट्टी की फीलिंग और पानी का छिड़काव नहीं होने से उड़ती राखड़ लोगों के लिए स्वास्थ्य और पर्यावरणीय समस्याएं पैदा कर रही है। गौ माता चौक से बरबसपुर तक भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क जर्जर हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाएं आम हो गई हैं।

पार्षदों और ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क की तुरंत मरम्मत हो और राखड़ परिवहन नियमों के तहत किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें न माने जाने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।