कोरबा। कोरबा-पश्चिम कुसमुंडा फोरलेन सड़क पर ईमलीछापर चौक के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज अधूरा छोड़े जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया है। आधा तैयार ओवरब्रिज और सड़क किनारे बारिश से बने गहरे गड्ढों ने स्थिति को और खतरनाक बना दिया है, जिसमें पानी भरने से दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अधूरे निर्माण के कारण सड़क का एक हिस्सा गहरे गड्ढे में तब्दील हो चुका है। खासकर रात के समय अपर्याप्त रोशनी के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कई बाइक सवार गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं।
त्योहारी सीजन में बढ़ती आवाजाही के बीच स्थानीय निवासी किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से चिंतित हैं।निवासियों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि अस्थायी रूप से गड्ढों में मिट्टी डालकर लेवलिंग करने से राहगीरों को राहत मिल सकती है, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
प्रशासन से मांग की गई है कि अधूरे ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए और सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि इस मार्ग से गुजरने वालों की जान को खतरा न रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















