कोरबा शहर में एक दुकानदार को उस समय डर का एहसास हुआ जब उसकी दुकान में रखी प्लास्टिक की टोकरी में फन फैलाए कोबरा सांप नजर आया। शुरुआत में दृश्य सामान्य लगने पर दुकानदार ने हिम्मत जुटाकर टोकरी बाहर निकाली, तो पाया कि जहरीला कोबरा बुरी तरह फंस चुका था और खुद निकालने में असमर्थ था।
डरते-डरते दुकानदार ने तुरंत नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी के जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सारथी ने फौरन अपनी टीम को रवाना करने का आश्वासन दिया। कुछ ही मिनटों में संस्था के सचिव मोइज एहमद और बबलू मारवा दुकान पर पहुंचे।
उन्होंने सावधानीपूर्वक धारदार हथियार से टोकरी काटी और कोबरा को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। दुकानदार ने राहत भरी सांस लेते हुए टीम का धन्यवाद दिया।
नोवा नेचर के जितेंद्र सारथी ने बताया कि उनकी संस्था को जिले भर से प्रतिदिन औसतन 30 कॉल आती हैं, जिनमें कोबरा, करैत, अजगर, अहिराज, धमना, बेलिया करैत, दंड करैत और डार डोमी जैसे विभिन्न सांपों के रेस्क्यू के मामले शामिल होते हैं। टीम हमेशा त्वरित कार्रवाई करती है और सांपों को जंगल में वापस छोड़ती है।
सारथी ने लोगों से अपील की कि जहरीले सांप दिखने पर घबराएं नहीं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें, सांप पर नजर रखें और विशेषज्ञ टीम को सूचित करें। कोरबा जैसे क्षेत्रों में सांपों की घटनाएं आम हैं, लेकिन जागरूकता से इनकी जान बचाई जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















