कांकेर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, तीन इनामी नक्सलियों को मार गिराया

कांकेर।छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर कांकेर और धमतरी जिले के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षाबलों को रविवार सुबह बड़ी सफलता मिली है। छिंदखड़क पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में जवानों ने तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया।

मारे गए नक्सलियों में सीतानदी एरिया कमेटी का कमांडर श्रवण (8 लाख का इनामी), नगरी एरिया कमेटी का डिप्टी कमांडर राजेश (5 लाख का इनामी) और महिला नक्सली बसंती (1 लाख की इनामी) शामिल हैं।

कांकेर एसपी आई. कल्याण एलिसेला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ के बाद जवानों ने मौके से एक महिला और दो पुरुष नक्सलियों के शव बरामद किए।

साथ ही, एक एसएलआर, एक थ्री-नॉट-थ्री राइफल और एक 12 बोर बंदूक सहित भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किए गए। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।