कर वसूली और सेवाओं के लिए डिजिटल डोर नंबर प्लेट की शुरुआत

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में डिजिटल क्रांति की शुरूआत की कड़ी में निगम द्वारा अपने क्षेत्र के समस्त घरों व दुकानों में डिजिटल डोर नम्बर प्लेट लगाए जाएंगे, जिनकी शुरूआत कर दी गई है। प्लेट में लगे क्यू.आर. का स्कैन कर आम नागरिक घर बैठे निगम के समस्त करों की जानकारी व भुगतान  करने के साथ ही निगम की विभिन्न सेवाओं व सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को भी दर्ज कराकर उनका त्वरित निराकरण पाएंगे, वहीं आपातकालीन सेवाएं भी प्राप्त कर सकेंगे।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आयुक्त आशुतोष पाण्डेय व सभापति नूतन सिंह ठाकुर की उपस्थिति में डिजिटल डोर नम्बर प्लेट सिस्टम की लाचिंग की।
साहित्य भवन सभागार में इसके लिए कार्यक्रम किया गया।

महापौर ने कहा कि नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा डिजिटल डोर नम्बर प्लेट एक अनोखी पहल है। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि आई.सी.आई.सी.आई. बैंक के सहयोग से लागू की जा रही है। इस मौके पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी अपनी बात रखी।

डिजिटल डोर नम्बर एक आधुनिक पहचान प्रणाली है, जिसे नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा लागू किया जा रहा है, यह एक यूनिक नम्बर या कोड के साथ एक डिजिटल प्लेट होती है,जो घरों दुकानों, प्रतिष्ठानों व अन्य सम्पतियों के दरवाजे पर लगाई जाएगी, इसमें क्यू.आर.कोड, यूनिक आई.डी. एवं अन्य जानकारी शामिल हैं।  

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य अजय कुमार चन्द्रा,ममता यादव,सुरेश बरूआ,भवकांत नायक,आई.सी.आई.सी.आई. बैंक के क्षेत्रीय प्रबधक तानु मित्रा,प्रबंधकअरविंद सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।