कसनिया गोली कांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, लव जिहाद से जुड़ा विवाद बना कारण

कोरबा। कटघोरा थाना के कसनिया क्षेत्र अंतर्गत सिकंदर मेमन के घर पर आधी रात को फायरिंग मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी को घटना के कुछ घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले में प्रयुक्त हथियार और वाहन को पुलिस ने बरामद किया है।

खबर के अनुसार घटना का कनेक्शन एक लव जिहाद और जोड़े के भागने व लौटने से संबंधित है। बताया गया कि विवाद होने पर मामले को अंजाम दिया गया। ग्राम कसनियां निवासी सिकंदर मेमन की मकान के सामने दुकान है। घटना की रात परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। रात लगभग 9.45 बजे उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

इस पर वे घर से बाहर निकले। इस दौरान एक बाइक सवार युवक घर के सामने खड़ा था। परिवार के सदस्यों को बाहर निकलते देख उसने दूसरी बार गोली चला दी। इस सिलसिले में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी शूटर दुर्गेश पांडे और कोरबा शहर के हर्ष सिंह और आशीष जांगड़े को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है। मुख्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।

खबर के अनुसार तौसीफ मेमन का विवाह एक गैर मुस्लिम युवती से अवैध रूप से कोलकाता की मस्जिद में हुआ था जिसे हाईकोर्ट छत्तीसगढ़ ने खारिज कर दिया। बाद में कई प्रक्रियाएं की गई। वर्तमान में संबंधित युवती बालको के उज्ज्वला केन्द्र में है।