गोदावरी स्टील प्लांट में भयंकर हादसा – 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड (गोदावरी स्टील प्लांट) में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया।

निर्माणाधीन प्लांट के बिलेट्स बनाने वाली यूनिट में भारी सिल्ली (लोहे का शेड) अचानक गिरने से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में टेम्परेचर कंट्रोल मशीन में तकनीकी खराबी के कारण मेंटेनेंस कार्य चल रहा था। इसी दौरान जांच के लिए मौके पर पहुंचे मजदूरों और तकनीकी अधिकारियों के ऊपर ऊपरी हिस्से से नियंत्रित होने वाला भारी और अत्यधिक गर्म लोहे का शेड गिर पड़ा।  इससे मौजूद दर्जन भर से अधिक मजदूर दब गए, जिनमें से कई बुरी तरह झुलस गए।

अन्य कर्मचारियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन हालात गंभीर होने के कारण पुलिस और राहत दल को बुलाना पड़ा।  बचाव दल ने दीवार तोड़कर पीछे के रास्ते से मजदूरों को बाहर निकाला।

घायल मजदूरों को तत्काल देवेंद्र नगर स्थित श्री नारायण हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, 6 घायलों में से 4 को मृत अवस्था में ही लाया गया था, जिनकी जांच के बाद डॉक्टरों ने आधिकारिक रूप से मौत की पुष्टि कर दी। शेष घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनमें 2 की स्थिति नाजुक है।  हादसे के बाद फैक्ट्री के बाहर मजदूरों के परिजनों का जमावड़ा लग गया, जो रोते-बिलखते मदद की गुहार लगा रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।  

सीएम ने कहा, “यह अत्यंत दुःखद घटना है। मैं मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

धरसींवा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। मजदूर संगठनों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।  इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।