राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

कोरबा।आयुष संचालनालय रायपुर और कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में कोरबा में दसवां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय और जिला आयुष अधिकारी डॉ. उदय शर्मा की उपस्थिति में “आयुर्वेदा फॉर पीपुल एंड प्लैनेट” थीम के अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साडा टी.पी. नगर में “रन फॉर आयुर्वेदा” के साथ हुई, जिसे नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इसमें 190 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद विद्यालय में योग सत्र, आयुर्वेद और योग पर प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, सेमिनार, वाद-विवाद और पैनल डिस्कशन का आयोजन हुआ।

प्रश्नोत्तरी में विजेता छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

शासकीय आयुष पॉलीक्लिनिक डिंगापुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मरीजों को आयुष पद्धति से उपचार प्रदान किया गया।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और डॉ. उदय शर्मा ने आयुर्वेद दिवस की शपथ दिलाई, जिसमें आयुर्वेद, भारतीय चिकित्सा पद्धति और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। शासकीय आयुष पॉलीक्लिनिक रामपुर परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

यह आयोजन आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने में सफल रहा।