कोलकाता। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने अपने स्थाई कामगारों के लिए 2025 का पीएलआर (बोनस) 1 लाख 3 हजार रुपये तय किया है। गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात कोलकाता में जेबीसीसीआई-XI की मानकीकरण समिति की छठवीं बैठक में इस पर सहमति बनी और समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।
यह बोनस सीआईएल और एसीसीएल के स्थाई कामगारों को मिलेगा, जिसका भुगतान 26 सितंबर, 2025 को होगा। पिछले वर्ष 2024 के 93,750 रुपये के मुकाबले इस बार बोनस में 9,250 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
कोलकाता के एक होटल में गुरुवार शाम 5 बजे शुरू हुई बैठक में तीखी चर्चा और गहमागहमी रही। सीआईएल प्रबंधन ने 2024-25 की वित्तीय स्थिति की रिपोर्ट पेश की और ठेका श्रमिकों के बोनस पर चर्चा के बाद स्थाई कामगारों के लिए 90,800 रुपये का प्रस्ताव रखा। यूनियनों ने इसे ठुकराते हुए 1.5 लाख रुपये तक की मांग की।
प्रबंधन ने 98,500 रुपये का ऑफर दिया, जबकि यूनियन 1.30 लाख रुपये पर अड़ी रही। इस बीच, श्रमिक प्रतिनिधियों ने दो बार बैठक से वॉकआउट किया। रातभर चली बातचीत के बाद आधी रात को तीसरी बैठक में 1 लाख 3 हजार रुपये पर सहमति बनी।
कामगारों और यूनियन प्रतिनिधियों ने इस फैसले का स्वागत किया है, लेकिन कुछ नेताओं ने भविष्य में और अधिक बोनस की मांग के लिए चर्चा जारी रखने की बात कही।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















