तिलकेजा में आधी रात अज्ञात उपद्रवियों ने वाहनों में लगाई आग, लाखों का नुकसान

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिलकेजा में बीती रात अज्ञात उपद्रवियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए एक इको वाहन और दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया। रात करीब 2 बजे हुई इस आगजनी ने पूरे गांव में दहशत फैला दी।

ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।

वाहन मालिक नरेंद्र उरांव (हरवंश) ने बताया कि इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि यह आगजनी गांव में दहशत फैलाने की सुनियोजित साजिश हो सकती है। इस वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त है।

उरगा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।