समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लिया सेवा भारती के बच्चों का हाल-चाल, आत्मनिर्भर भारत कार्यशाला में की शिरकत

कोरबा।छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गुरुवार को कोरबा के एकदिवसीय दौरे के दौरान सेवा भारती के विशेषीकृत दत्तकग्रहण अभिकरण का दौरा किया। उन्होंने वहां रह रहे बच्चों की स्थिति, सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। मंत्री ने बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिला और बाल पोषण व स्वास्थ्य के लिए गंभीरता से काम कर रही है। कमियों को दूर करने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग और सुधार किए जा रहे हैं।

मीडिया से बातचीत में श्रीमती राजवाड़े ने बताया कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता हासिल हुई है, जिससे समाज में खुशहाली का माहौल बना है। इस दौरान विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, डीपीओ रेणु प्रकाश सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

आत्मनिर्भर भारत कार्यशाला में शिरकत
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने जिला भाजपा द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित आत्मनिर्भर भारत कार्यशाला में भी हिस्सा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य भारत को हर क्षेत्र में इतना सशक्त करना है कि हमारी निर्भरता दूसरों पर न्यूनतम हो। इससे न केवल देश का समग्र कल्याण होगा, बल्कि नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यशाला में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।