शीलू लापता: हादसा या साजिश? परिजनों ने राहुल पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस से जांच की मांग

कोरबा। एमपी नगर क्षेत्र में एक युवती शीलू त्रिपाठी के लापता होने से सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश हो सकती है। 18 सितंबर को काशीनगर निवासी राहुल नामदेव ने शीलू और उसके परिवार को शादी न करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। तनाव बढ़ने पर शीलू राहुल से मिलने गई, लेकिन उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला।

घटना के एक दिन बाद ही हसदेव नदी पर सर्वमंगला एनीकट में शीलू और राहुल के डूबने की खबर आई।

मौके पर मौजूद मछुआरों ने राहुल को बचा लिया, लेकिन शीलू एनीकट के गहरे हिस्से में बह गई। एसडीआरएफ ने व्यापक पतासाजी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों के अनुसार, राहुल ने शीलू को आत्महत्या के लिए उकसाया था। उन्होंने बताया कि छलांग लगाते समय राहुल के कपड़े उतरे हुए थे, जो संदिग्ध लग रहा है। शीलू के भाई ने सिविल लाइन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कोरबा एसपी भूषण एक्का ने बताया, “युवती की तलाश के लिए सभी संभव प्रयास जारी हैं। एसडीआरएफ की टीम सक्रिय है और परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है।”

परिजन शीलू की सुरक्षित वापसी के लिए बेचैन हैं और राहुल पर साजिश रचने का शक जता रहे हैं। पुलिस ने राहुल से पूछताछ शुरू कर दी है।