कोरबा।कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में कसनिया मार्ग पर बीती रात हुई दो राउंड फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी दुर्गेश को जन सहयोग से भागते समय गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की निगरानी में मामले की गहन जांच जारी है।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना में दुर्गेश के अलावा शक्ति और हर्ष सिंह नाम के दो अन्य लोगों की संलिप्तता की बात सामने आ रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह फायरिंग पुरानी रंजिश के चलते की गई, जिसमें आरोपियों ने एक परिवार के सदस्य को निशाना बनाने की कोशिश की थी।
हालांकि, वह व्यक्ति मौके पर नहीं मिला, जिसके बाद उसके घर और दुकान पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह कृत्य सामने वाले पक्ष को चेतावनी देने के उद्देश्य से किया गया। इस घटना से कसनिया में दहशत के साथ-साथ स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम बाकी आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

