कोरबा।कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के कसनियां में बुधवार रात करीब 11 बजे एक अज्ञात युवक द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी की आवाज से दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कसनिया निवासी सिकंदर मेमन के घर के सामने एक युवक बाइक पर सवार होकर गोली चलाता हुआ निकला। गोलीबारी में एक गोली लोहे के शटर को भेद गई, जबकि दूसरी गोली दरवाजे पर लगी।
सौभाग्यवश, परिवार उस समय खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहा था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद आरोपी हाईवे की ओर भागने की कोशिश में था, लेकिन उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उसने शर्ट बदलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन गांव के युवकों को शक हुआ और उन्होंने उसका पीछा किया।
आरोपी बस में सवार होकर कटघोरा भागने की फिराक में था, लेकिन बस स्टैंड से पहले ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया, “दो राउंड फायरिंग हुई है। एक आरोपी हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है। घटना का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम भी मौके पर जांच में जुटी है। पुलिस ने जनता के सहयोग की सराहना की और बताया कि आगे की कार्रवाई जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

