कोरबा।कटघोरा से अंबिकापुर मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर स्थित गुरसिया का तान नदी पुल अपनी जर्जर और खस्ताहाल स्थिति के कारण खतरे का सबब बना हुआ है।
टूटी रेलिंग और बड़े-बड़े गड्ढों से भरे इस पुल पर हर दिन दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है। चौबीसों घंटे सैकड़ों वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों, खासकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए रात के समय यह पुल जानलेवा साबित हो रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर बार-बार समाचार प्रकाशित हुए और विभाग को सूचित किया गया, लेकिन अब तक केवल खानापूर्ति ही हुई है।
रेलिंग की मरम्मत और गड्ढों को भरने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गुस्साए ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि क्या सरकार और विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि तान नदी पुल की मरम्मत तत्काल शुरू की जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

