स्वच्छता मित्रों और दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण, बालको, दर्री व सर्वमंगला जोन में लगे शिविर

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कोरबा नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के तहत बालको, दर्री और सर्वमंगला जोन में स्वच्छता मित्रों और स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।

निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि घंटाघर स्थित सियान सदन में 22, 23 और 24 सितंबर को तीन दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

अंतिम दिन 24 सितंबर को बालको, दर्री और सर्वमंगला जोन के सफाई मित्रों, स्वच्छता कामगारों और स्वच्छता दीदियों का मोबाइल मेडिकल यूनिट के चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में नेत्र जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जहां आंखों की जांच की सुविधा उपलब्ध थी।

शिविर में बुखार, मलेरिया, डेंगू, शुगर, लिपिड प्रोफाइल, सीबीसी, लीवर, किडनी, पेशाब जांच, प्रोटीन टेस्ट, विटामिन बी-12 सहित 41 प्रकार की जांच की सुविधा प्रदान की गई।