छात्राओं को डिग्री के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता देना जरूरी:डॉ.मनोज झा

श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय का 27वां स्थापना दिवस समारोह, मेधावी छात्राओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कोरबा।श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय का 27वां स्थापना दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रबंधन, प्राध्यापक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की। समारोह के दौरान शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं सहित उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने संस्था की उपलब्धियों के लिए प्रबंधन एवं महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराकर समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।

44 विद्यार्थियों से शुरू हुआ सफर, आज करीब 1000 छात्राएं

विशिष्ट अतिथि एवं महाविद्यालय शिक्षण समिति के प्रथम अध्यक्ष डॉ. छेदीलाल अग्रवाल ने संस्था की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि महाविद्यालय की शुरुआत महज 44 विद्यार्थियों और चार कमरों से हुई थी। आज संस्था करीब 1000 विद्यार्थियों और 70 सुविधायुक्त कमरों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने इसे संस्था की निरंतर मेहनत और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल छात्राओं को डिग्री प्रदान करना नहीं है। संस्था का प्रयास है कि छात्राओं में ज्ञान के साथ संस्कार, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और आत्मनिर्भरता का विकास हो, ताकि वे शिक्षा पूरी करने के बाद अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित
महाविद्यालय शिक्षण समिति के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास और निरंतर सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं छत्तीसगढ़ राज्य गीत की प्रस्तुति से हुई।

विगत शैक्षणिक सत्र में विभिन्न संकायों की प्रवीण्य सूची में स्थान हासिल करने वाली मेधावी छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्राध्यापकों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में देवी प्रसाद केडिया, हरस्वरूप अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, आशीष खेतान, अखिलेश अग्रवाल, जयंत अग्रवाल, विक्रम अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष शशि अग्रवाल, राधेश्याम अग्रवाल, महेश गुप्ता, राजेन्द्र चिड़ीपाल, शिव मोदी, विमल जाजोदिया, पुरुषोत्तम अग्रवाल, गोपाल प्रसाद केडिया, संतोष अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, संजय केडिया, कीर्ति अग्रवाल, भागवत अग्रवाल, जितेन्द्र अग्रवाल, योगेश गोयल, अनिल अग्रवाल, प्रियम अग्रवाल, उत्तम अग्रवाल, हौसला अग्रवाल, अंकित टमकोरिया, मुकेश गोयल, पंकज अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, भगवती अग्रवाल, पिंकी सिंघल, मोनिका अग्रवाल एवं संजना अग्रवाल सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

मंच संचालन त्रिलोकी बजाज एवं रुचिका कल्ला ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव दीपक अग्रवाल ने किया।