सीएमडी हरीश दुहन ने किया शुभारंभ, आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता और खनन सुरक्षा
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा मेगा परियोजना में देश के पहले 21 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक फेस शॉवेल का शुभारंभ किया गया। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने अत्याधुनिक मशीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी, योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र भी उपस्थित रहे।
नई तकनीक से लैस यह विशाल मशीन गेवरा परियोजना में कोयला उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ खनन कार्यों को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लगभग 5.31 मिलियन घनमीटर वार्षिक उत्पादन क्षमता वाली यह मशीन परियोजना के उत्पादन एवं परिचालन दक्षता को नई गति देने में सक्षम होगी।
आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस
21 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक फेस शॉवेल में कई अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। मशीन में 360 डिग्री कैमरा, ऑपरेटर फटीग मॉनिटरिंग सिस्टम, एयर-सस्पेंशन सीट, एडजस्टेबल जॉयस्टिक और हाइड्रोलिक सीढ़ियां जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इसके अलावा मशीन को गैस आधारित फायर सप्रेशन सिस्टम तथा FOPS मानक वाले सुरक्षित केबिन से लैस किया गया है। इन सुविधाओं से ऑपरेटर की सुरक्षा बढ़ाने के साथ मशीन के संचालन को भी अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाया गया है।
FMS से जुड़ी मशीन, रियल टाइम होगी निगरानी
मशीन को एसईसीएल के फ्लीट मैनेजमेंट सिस्टम (FMS) से भी जोड़ा गया है। इसके माध्यम से मशीन के संचालन एवं कार्यक्षमता की रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी। इससे उत्पादन प्रक्रिया की बेहतर मॉनिटरिंग, परिचालन दक्षता और मशीन के प्रभावी उपयोग में मदद मिलेगी।
नई मशीन के गेवरा परियोजना में शामिल होने से बड़े पैमाने पर खनन कार्यों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा।
एसईसीएल द्वारा उत्पादन के साथ-साथ सुरक्षित एवं तकनीक आधारित खनन संचालन पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में एजीएम संजय मिश्रा सहित गेवरा परियोजना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















