कोरबा। बसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं की सोने की चेन एवं मंगलसूत्र झपटने वाले कथित गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई में रतनपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी का सोना खरीदने के आरोप में कटघोरा के एक सोनार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से करीब 67 ग्राम यानी लगभग 7 तोला गलाया हुआ सोना बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम दुबे (35), निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। मामला उस महिला झपटमार गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसे कुछ दिन पहले कोरबा पुलिस ने एक यात्री बस को रुकवाकर पकड़ा था। आरोप है कि गिरोह की महिलाएं बसों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाकर सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटती थीं।
पूछताछ में सामने आया सोनार का नाम
रतनपुर पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की। इसी दौरान कथित रूप से चोरी के सोने के खरीदार के तौर पर गौतम दुबे का नाम सामने आया। पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गिरोह से करीब 7 तोला चोरी का सोना खरीदने और उसे गलाकर रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया।
कोरबा की वारदातों को लेकर भी उठे सवाल
महिला झपटमार गिरोह की गिरफ्तारी के बाद कोरबा में हुई कथित चेन एवं मंगलसूत्र झपटमारी की घटनाओं को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्यों पर कोरबा में भी ऐसी वारदातों में शामिल होने का संदेह था। हालांकि, आरोपियों से कोरबा की घटनाओं के संबंध में कितनी पूछताछ हुई और किन मामलों से उनका संबंध सामने आया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
अब रतनपुर पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी सोनार ने इससे पहले भी चोरी का सोना खरीदा था या नहीं तथा चोरी के सोने की खरीद-फरोख्त के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय एवं प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















