मानिकपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी का एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में प्रयुक्त सब्बल बरामद
कोरबा। शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो वारदातों का मानिकपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार मिनीमाता कन्या महाविद्यालय की इमारत को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने प्रवेश किया और वहां लगी पुरानी एल्यूमिनियम की खिड़कियां चोरी कर ली थीं। मामले में मानिकपुर चौकी में अपराध क्रमांक 685/2026 एवं 687/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
रिपोर्ट दर्ज होते ही मानिकपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली।
सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों की दोनों चोरी की वारदातों में संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया।
तीनों आरोपियों को भेजा न्यायालय
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर कश्यप (22), पिता स्व. ललन कश्यप, निवासी मुड़ापार महंत मोहल्ला, आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21), पिता बी.पी. उरांव, निवासी मुड़ापार साहू मोहल्ला तथा ईश्वर बंजारे (21), पिता रतन बंजारे, निवासी रामनगर दुर्गा पंडाल के पास, चौकी मानिकपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को चोरी का सामान बिक्री के लिए रखा हुआ दिखाई दे अथवा कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी के सामान के साथ नजर आए तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।
पुलिस के अनुसार एक छोटी-सी सूचना किसी बड़ी चोरी का खुलासा करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















