अपना मोबाइल किसी से साझा न करें : मंजू

केएन कॉलेज में साइबर सुरक्षा की पाठशाला, छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी और अपराध से बचाव के बताए उपाय

कोरबा। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से केएन कॉलेज में साइबर सुरक्षा की पाठशाला आयोजित की गई। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मंजू कुमारी ने छात्राओं को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंजू कुमारी ने कहा कि आज स्मार्टफोन हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है, लेकिन मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।

उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से कहा कि अपना मोबाइल फोन किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें, क्योंकि मोबाइल में मौजूद निजी फोटो, वीडियो, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी का दुरुपयोग किया जा सकता है।

सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते समय बरतें सावधानी
उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि अपनी निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर अनावश्यक रूप से शेयर या सार्वजनिक न करें। यदि सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट की जाती है तो प्राइवेसी सेटिंग को प्राइवेट रखने का प्रयास करें, ताकि अनजान लोग तस्वीरों का गलत इस्तेमाल न कर सकें।

मंजू ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों की छोटी-छोटी गलतियों और लापरवाही का फायदा उठाते हैं। इसलिए मोबाइल का पासवर्ड, ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी और निजी दस्तावेज किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए।

पुलिस से डरें नहीं, सहयोगी समझें
उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि पुलिस को लेकर मन में अनावश्यक डर नहीं रखना चाहिए। किसी साइबर अपराध या परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने से घबराएं नहीं, बल्कि पुलिस को सहयोगी और समाज का मित्र समझें।

उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ आवाज नहीं उठाना और पुलिस से दूरी बनाए रखना कई बार अपराधियों का हौसला बढ़ाता है।

सहायक उप निरीक्षक टंकेश्वर यादव ने भी छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और अपने अनुभवों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहते हुए संदिग्ध लिंक, कॉल, मैसेज और ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की समझाइश दी।

कार्यक्रम में पुलिस परिवार से प्रशिक्षु उप निरीक्षक नीरज वर्मा, आरक्षक आलोक पांडेय, कौशल प्रसाद एवं महिला आरक्षक श्रीमती अर्चना तिर्की, टीपी नरसिम्हम, शिक्षा संकाय की प्रभारी डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. रश्मि शुक्ला एवं श्रीमती अनीता यादव सहित कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।