कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा स्थित पावर ग्रिड ऑफिस के सामने गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठे चार मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। दर्दनाक हादसे में तीन गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के पीछे वाहन चालक के नशे की हालत में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने की बात सामने आई है। उरगा पुलिस ने चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार टाटा टियागो कार क्रमांक सीजी 12 एटी 3731 का चालक कथित तौर पर नशे की हालत में तेज गति से वाहन चला रहा था। भैंसमा पावर ग्रिड कार्यालय के सामने सड़क पर बैठे मवेशियों को उसने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और विवाद की स्थिति बनने लगी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सदस्य एवं गौसेवक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत मवेशियों को सड़क से हटाया तथा घायल गौवंश को उपचार के लिए भेजा।
घायल मवेशी का इलाज गौसेवकों की देखरेख में कराया जा रहा है।
लगातार हादसों से उठ रहे सवाल
बजरंग दल कोरबा ने घटना पर आक्रोश जताते हुए नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संगठन का कहना है कि नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने से न केवल इंसानी जिंदगी बल्कि बेजुबान पशुओं की जान भी खतरे में पड़ रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दर्री थाना क्षेत्र के प्रगतिनगर स्थित हसदेव पुल पर भी एक भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। इस घटना के बाद लोगों ने चक्काजाम भी किया था।
लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर मवेशियों के जमावड़े को रोकने तथा नशे में और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















