उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य राज्य के प्रतिभावान और निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित उच्च व्यावसायिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है। इनमें IIT, AIIMS, IIM, NLU, MBBS, NIT और IIIT सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के पाठ्यक्रम शामिल हैं।

पात्र विद्यार्थियों को आवेदन का प्रारूप अपने जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय अथवा विभागीय पोर्टल से प्राप्त करना होगा। निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उसी कार्यालय में जमा करना होगा।

ऑफलाइन आवेदन प्राप्त करने और जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।