कोरबा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबी धतूरा में विद्यार्थियों के नशा करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर जिले में चर्चा तेज हो गई है। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नाबालिग विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर करने के बजाय काउंसलिंग के माध्यम से सुधार का अवसर देने की मांग की है।
राजेश यादव ने कहा कि नशे की गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे सभी सात विद्यार्थी नाबालिग हैं। ऐसे में उन्हें केवल स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) देकर विद्यालय से बाहर करना समस्या का समाधान नहीं है। बच्चों को उनकी गलती सुधारने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि विद्यार्थियों की अभिभावकों की मौजूदगी में विशेषज्ञों से काउंसलिंग कराई जाए और आवश्यकता पड़ने पर नशामुक्ति केंद्र में उपचार की व्यवस्था भी की जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि नशे का सेवन करने अथवा शराब पीकर अनुशासनहीनता करने वाले शिक्षकों के मामलों में क्या इसी तरह कठोर कार्रवाई की गई है? विद्यार्थियों के मामले में सख्त कदम और शिक्षकों के मामलों में अलग रवैया अपनाना दोहरे मापदंड का संकेत होगा।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि टीसी जारी करने से पहले अभिभावकों का पक्ष सुना गया था या नहीं तथा विद्यार्थियों को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया गया था या नहीं।
यादव ने विद्यालय की जनभागीदारी समिति की भूमिका और निर्णय प्रक्रिया को सार्वजनिक करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह पता लगाया जाना चाहिए कि नाबालिग विद्यार्थियों तक नशीली सामग्री कैसे पहुंची।
छात्राओं को किसी ने जानबूझकर नशीली सामग्री उपलब्ध तो नहीं कराई या उन पर किसी प्रकार का दबाव तो नहीं बनाया गया, इसकी भी जांच जरूरी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
