परिक्षेत्र स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में ईविपीजी कॉलेज विजेता

कोरबा। टीपी नगर स्थित प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम में शनिवार को कमला नेहरू महाविद्यालय के तत्वावधान में परिक्षेत्र स्तरीय महाविद्यालयीन पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के चार महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर शासकीय ईविपीजी कॉलेज की टीम ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि स्वामी आत्मानंद कॉलेज की टीम उपविजेता रही। मेजबान कमला नेहरू महाविद्यालय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में स्व. प्यारेलाल कंवर शासकीय महाविद्यालय भैसमा की टीम ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। खिलाड़ियों ने मैदान पर खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि ईविपीजी कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. वीके नायडू ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कमला नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने की। उन्होंने खिलाड़ियों को टीम भावना, अनुशासन और धैर्य के साथ खेलते हुए अपने कौशल को निखारने तथा बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में मुख्य चयनकर्ता के रूप में ईविपीजी कॉलेज के खेल अधिकारी डॉ. बीएस राव उपस्थित रहे। इसके अलावा रविन्द्र ध्रुव, सुमीत सिंह एवं अनिमा तिर्की ने भी प्रतियोगिता में सहभागिता निभाई। आयोजन के सफल संचालन में सहयोग के लिए आयोजकों ने नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त किया।