निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.95 लाख रुपये लेने का आरोप

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में संविदा नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लोगों से 1 लाख 95 हजार 500 रुपये लेने और कथित फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, नियुक्ति पत्र पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के कथित फर्जी हस्ताक्षर और निगम की नकली सील का इस्तेमाल किया गया था।

दस्तावेज की जांच कराने पर कथित फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस और एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, पुरानी बस्ती निवासी श्रीकांत राजपूत, पिता धर्मेन्द्र सिंह राजपूत, ने खुद को बिलासपुर हाईकोर्ट का अधिवक्ता बताते हुए नगर निगम में संविदा नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर उसने पंप हाउस निवासी निर्मला विश्वकर्मा और रूमगड़ा निवासी करण व उसकी बहन से कुल 1 लाख 95 हजार 500 रुपये अलग-अलग किस्तों में फोन के जरिए और नकद लिए।

पीड़ितों का कहना है कि आरोपी कई महीनों तक नौकरी दिलाने के नाम पर तारीख पर तारीख देता रहा। जब उन्होंने नियुक्ति को लेकर दबाव बनाया तो आरोपी ने वीडियो कॉल के माध्यम से नियुक्ति पत्र दिखाया। इसके बाद दस्तावेज की सत्यता जांचने पर उसमें नगर निगम आयुक्त के कथित फर्जी हस्ताक्षर और निगम की नकली सील होने की बात सामने आई।

मामले के सामने आने के बाद पीड़ितों ने सीएसईबी पुलिस चौकी और एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर पूरे घटनाक्रम की जांच कराने तथा कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं को आशंका है कि नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने अन्य युवाओं से भी रकम ली हो सकती है।

पीड़ितों ने प्रशासन से मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कथित फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने और इस प्रकरण में अन्य लोगों की संभावित भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।