गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर निकली प्रभात फेरी

कोरबा।श्री गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर रविवार सुबह सिंधी समाज की ओर से श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। सुबह 6 बजे स्वामी भाई बाजाराम दरबार से प्रारंभ हुई प्रभात फेरी शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह समाज के लोगों ने स्टॉल लगाकर स्वागत किया और सामूहिक अरदास के माध्यम से गुरु नानक देव के प्रति श्रद्धा प्रकट की।

प्रभात फेरी स्वामी भाई बाजाराम दरबार से प्रारंभ होकर रानी रोड, इतवारी बाजार, अनंत इमेजिन पटेल पारा, मिशन रोड, रामसागर पारा, मेन रोड और संत श्री कंवराराम उद्यान होते हुए पुनः रानी रोड के रास्ते स्वामी भाई बाजाराम दरबार पहुंची। यहां अरदास और पलव के साथ प्रभात फेरी का समापन किया गया।

मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सिंधी समाज के लोगों ने प्रभात फेरी का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के साथ सामूहिक अरदास की। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा की ओर से 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव के जन्मोत्सव पर आयोजित पाठ साहब के भोग एवं आम भंडारे में सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।