तेज रफ्तार कार ट्रेलर में घुसी, युवती की मौत, 8 घायल

टक्कर के बाद ट्रेलर में फंसी कार को दूर तक घसीटता रहा चालक, दो घायलों की हालत गंभीर

बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलपारा के पास तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर के बाद कार ट्रेलर में फंस गई, इसके बावजूद चालक उसे दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार की छुट्टी मनाने चैतुरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान बेलपारा के पास उनकी कार चलती ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कार सीधे सामने चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के बाद कार ट्रेलर में फंस गई और ट्रेलर चालक उसे काफी दूर तक घसीटता ले गया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों की सूचना पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृत युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।