पहाड़ की मिट्टी धंसने से मकान क्षतिग्रस्त, झोपड़ी में सो रहा परिवार बाल-बाल बचा

कुसमुंडा प्रभावितों की बसाहट में बारिश के बीच हादसा, बिजली-पानी और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश

कोरबा-कुसमुंडा।चक्रवात के असर से जिले में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लगातार बारिश के बीच एसईसीएल कुसमुंडा खदान प्रभावितों की बसाहट में पहाड़ की मिट्टी धंसने से निर्माणाधीन मकान क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं मलबे की चपेट में आई झोपड़ी में सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया। कनकी रोड स्थित जोड़ा पुल के पास हुई इस घटना से बसाहट में रहने वाले प्रभावित परिवारों में चिंता और आक्रोश व्याप्त है।

बारिश के दौरान पहाड़ से मिट्टी का मलबा खिसककर नीचे आ गया, जिससे निर्माणाधीन मकान को नुकसान पहुंचा और मकान के गड्ढों में पानी भर गया। मलबे की चपेट में एक झोपड़ी भी आ गई। घटना के वक्त झोपड़ी में परिवार के सदस्य सो रहे थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद प्रभावितों ने बसाहट में सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर चिंता जताई है।

प्रभावित परिवारों का आरोप है कि पाली, पडनिया, जटराज और सोनपुरी गांव के लोगों की जमीन अधिग्रहित कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बसाहट तो उपलब्ध करा दी गई, लेकिन बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था अब तक नहीं की गई है। मजबूरी में कुछ लोग बिजली के खंभों से अस्थायी कनेक्शन लेकर काम चला रहे हैं, जिससे बारिश और जलभराव के बीच दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

लगातार बारिश और पहाड़ी से मिट्टी खिसकने की घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने बसाहट में सुरक्षा इंतजामों तथा मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। लोगों ने अब कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण और संभावित हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।