41 दिनों बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित, कल से संभालेंगे कामकाज

मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने कमेटी गठन का आश्वासन

कोरबा। मुख्यमंत्री से सकारात्मक चर्चा और मांगों के निराकरण का आश्वासन मिलने के बाद राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने 41 दिनों से जारी अपनी हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कोरबा जिला इकाई ने भी आंदोलन समाप्त कर कल से नियमित शासकीय कामकाज में लौटने की घोषणा की है। पटवारियों की वापसी से राजस्व संबंधी लंबित कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भागवत प्रसाद कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगों को रखा। चर्चा के दौरान पदोन्नति एवं वेतन विसंगति के निराकरण के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया गया। इस कमेटी में पटवारियों की राय और सुझावों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके।

इसके अलावा हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के विरुद्ध की गई विभागीय कार्यवाहियों को निरस्त करने के लिए जल्द आदेश जारी करने का भरोसा भी दिया गया है। मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद प्रांतीय नेतृत्व ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।

इधर, जिला इकाई कोरबा ने सभी पटवारियों को कल से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित होकर नियमित शासकीय कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। संघ ने 41 दिनों तक चले आंदोलन में सहयोग, समर्थन और सहभागिता देने वाले विभिन्न कर्मचारी संगठनों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।