हसदेव नदी में जलभराव से पुन्नी मेला स्थगित, अब मकर संक्रांति पर होगा आयोजन

बारिश और घाट पर कीचड़ के चलते आयोजन समिति का निर्णय, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता

कोरबा। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हुई बारिश और हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण 24 नवंबर को पुरानी बस्ती स्थित हसदेव नदी घाट पर आयोजित होने वाला पुन्नी मेला स्थगित कर दिया गया है। अब यह आयोजन जनवरी माह में मकर संक्रांति के अवसर पर होगा। सर्व समाज कोरबा की ओर से पहली बार व्यापक स्तर पर पुन्नी मेले के आयोजन की तैयारी की जा रही थी, लेकिन मौसम की प्रतिकूलता और घाट पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए आयोजन समिति ने तारीख बदलने का निर्णय लिया है।

पुन्नी मेला आयोजन समिति की बैठक पुरानी बस्ती में आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि चक्रवाती तूफान के प्रभाव से लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए दर्री बराज का गेट खोलकर पानी छोड़ा गया, जिससे पुरानी बस्ती, दुरपा रोड और इंदिरा नगर क्षेत्र के नदी तट पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। घाट पर कीचड़ और असुविधा के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होने की आशंका जताई गई।

इन परिस्थितियों को देखते हुए समिति ने सर्वसम्मति से 24 नवंबर को प्रस्तावित पुन्नी मेले को स्थगित कर जनवरी में मकर संक्रांति के दिन आयोजित करने का निर्णय लिया।

आयोजन समिति के संयोजक एवं नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन की तारीख में बदलाव किया गया है। जनवरी में मकर संक्रांति के अवसर पर पुन्नी मेला भव्य तैयारियों के साथ आयोजित किया जाएगा।

बैठक में पार्षद टामेश अग्रवाल, ईश्वर पटेल, रवि सिंह चंदेल, रूबी देवी सागर, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।