एनटीपीसी-कोरबा के विस्तार की तैयारी शुरू, लगेंगी 800 मेगावाट की दो नई इकाइयां

स्टेज-4 परियोजना से 1600 मेगावाट क्षमता बढ़ेगी, रेलवे साइडिंग विस्तार की व्यवहार्यता अध्ययन के लिए निविदा आमंत्रित

कोरबा। सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख विद्युत उपक्रम एनटीपीसी के कोरबा सुपर थर्मल पावर स्टेशन के विस्तार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्टेज-4 परियोजना के तहत संयंत्र में 800-800 मेगावाट क्षमता की दो नई इकाइयां स्थापित करने की योजना है। प्रस्तावित विस्तार से एनटीपीसी-कोरबा की उत्पादन क्षमता में 1600 मेगावाट की वृद्धि होगी और संयंत्र की कुल स्थापित क्षमता 2600 मेगावाट से बढ़कर 4200 मेगावाट हो जाएगी।

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रबंधन ने रेलवे साइडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की संभावनाओं पर काम शुरू कर दिया है। इस संबंध में विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन कराने के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। अध्ययन में रेलवे साइडिंग के विस्तार के साथ ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन, सिग्नलिंग एवं टेलीकम्युनिकेशन प्रणाली से जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाओं का भी आकलन किया जाएगा। इसके जरिए प्रस्तावित परियोजना के लिए आवश्यक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवहार्यता और तकनीकी जरूरतों का परीक्षण किया जाएगा।

एडवांस अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित होंगी इकाइयां

प्रस्तावित दोनों नई इकाइयां एडवांस अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित होंगी। इस तकनीक को पारंपरिक ताप विद्युत उत्पादन तकनीक की तुलना में अधिक दक्षता वाली तकनीक के रूप में देखा जाता है। हालांकि, विस्तार परियोजना की कुल लागत और निर्माण की समयसीमा को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

800 मेगावाट क्षमता की नई इकाई स्थापित करने को लेकर करीब तीन साल पहले भी योजना पर चर्चा हुई थी। उस समय लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से बीएचईएल के सहयोग से इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव सामने आया था, लेकिन बाद में यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब दो नई इकाइयों के साथ स्टेज-4 विस्तार की तैयारी शुरू होने से परियोजना को लेकर फिर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

2600 मेगावाट की वर्तमान क्षमता बढ़कर होगी 4200 मेगावाट

एनटीपीसी कोरबा सुपर थर्मल पावर स्टेशन की वर्तमान स्थापित क्षमता 2600 मेगावाट है। संयंत्र में 200 मेगावाट क्षमता की तीन तथा 500 मेगावाट क्षमता की चार इकाइयां संचालित हैं। यहां उत्पादित बिजली देश के विद्युत तंत्र में महत्वपूर्ण योगदान देती है। संयंत्र को कोयले की आपूर्ति साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) से होती है।

स्टेज-4 के तहत 800 मेगावाट की दो नई इकाइयां स्थापित होने पर संयंत्र की कुल क्षमता 4200 मेगावाट तक पहुंच जाएगी। इससे कोरबा क्षेत्र में एनटीपीसी की उत्पादन क्षमता और विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में उसकी भूमिका और मजबूत होने की संभावना है।