रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत संतोष सिंह को CISF में DIG के रूप में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की सुरक्षा व्यवस्था की कमान दी गई है। वे दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो की सुरक्षा के साथ लाखों यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दिल्ली मेट्रो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की प्रमुख सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था है, जो दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के शहरों को जोड़ती है। हाल ही में 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो में एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई थी। ऐसे में मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था संभालना बड़ी जिम्मेदारी मानी जा रही है।
नौ जिलों में SP/SSP का अनुभव
संतोष सिंह को छत्तीसगढ़ में विभिन्न जिलों में पुलिसिंग और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का व्यापक अनुभव रहा है। वे रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में SP/SSP के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे सुकमा में ASP और दुर्ग में CSP भी रह चुके हैं।
वे सामुदायिक पुलिसिंग और संवेदनशील पुलिसिंग के लिए भी जाने जाते हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था के साथ पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का भी अनुभव
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान संतोष सिंह सुरक्षा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वे हैदराबाद में DIG South Zone-2 के रूप में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों तथा पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा से जुड़े दायित्व संभाल रहे थे।
सुरक्षा प्रबंधन और विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए अब उन्हें दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















