कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने विस्थापित परिवारों को नौकरी देने के मामले में कलेक्टर, जिला कोरबा को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पत्र में उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में ग्राम गोढ़ी, पंडरीपानी में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सीएसईबी द्वारा भू-अर्जन किया गया था। इसके बाद बांध निर्माण से प्रभावित 308 विस्थापित कृषकों के परिवारों को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी द्वारा नौकरी देने की घोषणा की गई थी।
विधायक ने पत्र में आरोप लगाया है कि 308 कृषकों के परिवारों में कई सदस्यों को नौकरी मिल चुकी है, लेकिन कुछ विस्थापित अभी भी रोजगार से वंचित हैं। उनके द्वारा नौकरी के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद शेष विस्थापितों को संविदा एवं तीन वर्ष या उससे अधिक शर्तों वाली नौकरी दिए जाने की प्रक्रिया को विधायक ने गलत बताया है।
पत्र में कहा गया है कि प्रभावित परिवार लगातार कार्यालय और कलेक्टोरेट के चक्कर लगा रहे हैं, जबकि संबंधित अधिकारी विस्थापितों और कंपनी के बीच समन्वय के नाम पर आश्वासन देते रहे हैं।
विधायक राठिया ने शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग को 20 दिन की समय सीमा देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में शेष विस्थापितों को स्थायी नौकरी नहीं दी गई तो 28 अक्टूबर 2026 को गोढ़ी,पंडरीपानी डेम को बंद कर नकटीखार से बरबसपुर मार्ग पर मांग पूरी होने तक चक्काजाम किया जाएगा।
उन्होंने इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन एवं संबंधित कंपनी की होने की बात कही है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















