डिजिटल सुविधा से आसान हुई सरकारी सेवाओं तक पहुंच, समय और पैसे की हुई बचत
कोरबा। सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने की दिशा में डिजिटल पहल प्रभावी साबित हो रही है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पाली तहसील के ग्राम नानबांका निवासी कुमारी स्नेहलता को आवेदन के महज तीन दिनों के भीतर आय प्रमाण पत्र मिल गया। इससे न केवल उनकी परेशानी कम हुई, बल्कि सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने में लगने वाला समय और यात्रा खर्च भी बचा।
लोक सेवा केंद्र में किया था आवेदन
सूरजभान की पुत्री स्नेहलता ने ग्राम सुतर्रा स्थित लोक सेवा केंद्र में आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए। नियमानुसार पटवारी प्रतिवेदन सहित जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका आवेदन स्वीकृत किया गया और तीन दिनों के भीतर आय प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।
घर के नजदीक मिली सुविधा, नहीं लगाने पड़े चक्कर
स्नेहलता ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक रही। उन्हें अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों में जाने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे समय की बचत के साथ आने-जाने का खर्च भी कम हुआ। उन्होंने कहा कि इस तरह की डिजिटल सुविधाएं आम लोगों के लिए काफी मददगार हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को इनका सीधा लाभ मिल रहा है।
डिजिटल सुशासन से नागरिकों को राहत
स्नेहलता ने समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की डिजिटल पहल से सरकारी सेवाएं अधिक सुलभ हो रही हैं और नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
सेवा सेतु पोर्टल जैसी पहल का उद्देश्य सरकारी सेवाओं की प्रक्रिया को सरल,पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाना है। स्नेहलता को तीन दिनों में आय प्रमाण पत्र मिलना इस दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















