सूने मकान में चोरी के बाद गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोल गए चोर, बाल-बाल बचा परिवार

लाखों की चोरी से मचा हड़कंप, घर में फैली गैस की तेज गंध; पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के खरवानी गांव में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी, जेवर और घरेलू सामान सहित लाखों रुपये का माल पार कर दिया। चोरी की इस वारदात ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब चोर घर के किचन में लगे गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोलकर फरार हो गए। परिवार के घर लौटने पर पूरे मकान में गैस की तेज गंध फैली मिली। समय रहते परिजनों ने गैस बंद कर खिड़की-दरवाजे खोल दिए, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी, बक्से तथा कमरों को खंगाल डाला। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब 30 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, कांसे के बर्तन, इंडक्शन चूल्हा, नए कपड़े-साड़ियां, चावल सहित अन्य कीमती घरेलू सामान चोरी कर ले गए।

हर कमरे में बिखरा मिला सामान
परिजन जब कार्यक्रम से वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी एवं बक्से खुले हुए थे। घर के लगभग हर हिस्से की तलाशी लिए जाने के निशान मिले।

लेकिन चोरी के बाद किचन में गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खुला छोड़ जाना सबसे गंभीर और रहस्यमय पहलू सामने आया।

घर में प्रवेश करते ही परिजनों को गैस की तेज गंध महसूस हुई। उन्होंने तत्काल दरवाजे-खिड़कियां खोलकर घर को हवादार किया और गैस की आपूर्ति बंद की। इससे आग लगने अथवा अन्य किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई।

लापरवाही या किसी और मंशा से खोली गैस?
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चोरों ने गैस सिलेंडर का रेगुलेटर क्यों खोला? क्या चोरी के दौरान यह महज लापरवाही थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी? क्या चोर आगजनी कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहे थे? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद खरवानी गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित परिवार ने उरगा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

कोरबा से जांजगीर-चांपा तक पुलिस की पतासाजी
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा कोरबा जिले के साथ पड़ोसी जांजगीर-चांपा जिले में भी संदिग्धों के संबंध में पतासाजी की जा रही है।

पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही घटनास्थल से मिले संभावित सुरागों को जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।