कोरबा। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बालको नगर थाना पुलिस की टीम ने 21 अगस्त को एक स्कूल का दौरा किया। टाउन इंस्पेक्टर युवराज तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
युवराज तिवारी ने विद्यार्थियों को बताया कि आज के दौर में किशोर और युवा डिजिटल प्लेटफॉर्म का सबसे अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग उन्हें अपना निशाना बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल, गैजेट्स और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।
सुरक्षा फीचर्स का करें इस्तेमाल
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध प्राइवेसी और सिक्योरिटी फीचर्स का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क, संदिग्ध लिंक, मैसेज या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि से बचने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कभी उन्हें ऑनलाइन ठगी, धमकी, ब्लैकमेलिंग अथवा किसी अन्य साइबर अपराध का शिकार होने जैसा महसूस हो तो घबराने या बात छिपाने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता या भरोसेमंद परिजनों को जानकारी दें। समय पर जानकारी मिलने से नुकसान को सीमित करने और पुलिस की मदद लेने में आसानी होती है।
साइबर जागरूकता के लिए पुलिस से जुड़ने की अपील
युवराज तिवारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहने तथा आवश्यक जानकारी हासिल करने के लिए कोरबा पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया।
स्कूल के प्राचार्य कैलाश पवार ने बालको थाना पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय हमेशा सतर्क रहने की समझाइश दी। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















