पावर हाइट्स में दो मकानों को चोरों ने बनाया निशाना, एक में चोरी सफल, दूसरे में जागा परिवार

कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, सीसीटीवी कैमरे बंद होने से रहवासी चिंतित

कोरबा। घंटाघर से बुधवारी मार्ग के मध्य स्थित पावर हाइट्स कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाया। एक मकान में चोर मुख्य दरवाजे का कुंदा काटकर अंदर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल रहे, जबकि दूसरे मकान में घुसने की कोशिश के दौरान आहट सुनकर परिवार जाग गया। इसके बाद चोर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार पावर हाइट्स कॉलोनी निवासी विशाल गुप्ता, बालको में कार्यरत LIPL कंपनी में पॉट कंट्रोल हेड हैं।

वे फिलहाल मकान में अकेले रहते हैं और परिवार के सदस्य बीच-बीच में यहां आते हैं। शनिवार रात करीब 12 बजे वे किसी रिश्तेदार के निधन की सूचना मिलने पर घर में ताला लगाकर बाहर चले गए थे।

बताया जा रहा है कि इसके करीब ढाई बजे अज्ञात चोरों ने उनके मकान के मुख्य दरवाजे का कुंदा काटकर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अलमारी सहित घर के अन्य कमरों को खंगाला और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल घर से कितना सामान चोरी हुआ है, इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। विशाल गुप्ता के बाहर होने के कारण उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान का वास्तविक आकलन हो सकेगा।

दूसरे घर में घुसने से पहले जागा परिवार
इसी रात करीब ढाई बजे चोरों ने कॉलोनी के एक अन्य मकान में खिड़की के रास्ते से प्रवेश करने का प्रयास किया।

इसी दौरान घर के सदस्यों को आहट सुनाई दी और वे जाग गए। परिवार के जागने की भनक लगते ही चोर वहां से भाग निकले। इस मकान में चोरी होने से बच गई।

घटना की जानकारी रात में ही कॉलोनी समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों को दी गई थी। इसके बाद सुबह मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी बंद, सुरक्षा व्यवस्था पर रहवासियों में नाराजगी
एक ही रात में दो मकानों को निशाना बनाए जाने के बाद पावर हाइट्स के रहवासियों में भय और नाराजगी है।

रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे हैं, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

रहवासियों ने मांग की है कि कॉलोनी में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।

उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में बड़ी चोरी की वारदात हो सकती है।फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में पतासाजी करने के साथ ही उपलब्ध सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।