बीएसएनएल नेटवर्क की समस्या दूर करने सांसद ने अधिकारियों से की चर्चा

दूरस्थ क्षेत्रों में नए मोबाइल टावर लगाने और मौजूदा टावरों की क्षमता बढ़ाने पर जोर

कोरबा।कोरबा लोकसभा क्षेत्र के शहरी एवं दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर सांसद ज्योत्स्ना चरणदास महंत ने दूरसंचार विभाग एवं बीएसएनएल के अधिकारियों के साथ बैठक कर नेटवर्क व्यवस्था की समीक्षा की। कोरबा स्थित निवास पर आयोजित बैठक में रामपुर, पाली-तानाखार, कटघोरा, मरवाही एवं कोरिया के दूरस्थ और इंटीरियर क्षेत्रों में नेटवर्क की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद महंत ने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क कमजोर है अथवा पूरी तरह उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल तकनीकी सर्वे कराया जाए। आवश्यकता वाले स्थानों को चिन्हित कर नए मोबाइल टावर स्थापित करने के साथ ही मौजूदा टावरों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों की कई जरूरतें नेटवर्क पर निर्भर
सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल नेटवर्क केवल बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाएं, बैंकिंग, रोजगार, ऑनलाइन सेवाएं और सरकारी योजनाओं तक पहुंच भी मोबाइल नेटवर्क से सीधे जुड़ी है। नेटवर्क की समस्या के कारण दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को रोजमर्रा की आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है।

उन्होंने कहा कि किसी आपात स्थिति में नेटवर्क का अभाव गंभीर समस्या बन सकता है। चिकित्सा सहायता, पुलिस या प्रशासन से संपर्क के लिए भी मोबाइल नेटवर्क जरूरी है।

इसलिए दूरदराज और वनांचल क्षेत्रों में नेटवर्क सुविधा को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाना चाहिए।

टावरों के नियमित रखरखाव के निर्देश
सांसद ने दूरस्थ क्षेत्रों में स्थापित बीएसएनएल टावरों के नियमित रखरखाव और सुचारु संचालन पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल नए टावर स्थापित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मौजूदा टावरों की तकनीकी स्थिति की लगातार निगरानी कर नेटवर्क बाधित होने की स्थिति में तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा, प्रदेश सचिव हरीश परसाई, दूरसंचार सलाहकार समिति सदस्य दिनेश सोनी, महाप्रबंधक दूरसंचार विभाग (व्यवसाय) बिलासपुर नितेश श्रीवास्तव, एजीएम गेंदराम कुशराम, कोरबा एजीएम आशीष टोप्पो, साकेत गोस्वामी, राजेश सूद एवं जय नारायण देवांगन सहित अन्य उपस्थित रहे।