स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान: 120 शिविरों में 6,760 हितग्राहियों की हुई स्वास्थ्य जांच

कोरबा। जिले में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 120 जांच शिविर और 23 विशेषज्ञ शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 6,760 हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

अभियान का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

शिविरों में गैर-संचारी रोगों, कैंसर, एनीमिया, टीबी, सिकल सेल रोग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जांच और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए परामर्श सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि महिलाओं में एनीमिया, पोषण की कमी, माहवारी से संबंधित समस्याएं और सिकल सेल जैसी बीमारियां समय पर जांच न होने से गंभीर हो सकती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए अभियान के तहत शिविरों में स्क्रीनिंग और उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है।

17 से 22 सितंबर तक आयोजित शिविरों में 6,760 महिलाओं की जांच की गई, जिसमें 860 गर्भवती महिलाएं शामिल थीं। इनमें 2,599 एनीमिया जांच, 1,993 सिकल सेल जांच, 1,209 टीबी जांच, 4,119 बीपी जांच, 3,970 शुगर जांच और 3,316 कैंसर जांच (मौखिक, स्तन, सर्वाइकल) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 116 वयवंदन कार्ड बनाए गए और 278 बच्चों का टीकाकरण किया गया।

कलेक्टर अजीत वसंत और सीएमएचओ डॉ. केशरी ने जिले के नागरिकों, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इन शिविरों में भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराएं और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें, ताकि समय पर स्वास्थ्य समस्याओं का निदान और उपचार संभव हो सके।