धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मगरलोड विकासखंड के ग्राम करेलीबड़ी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण परिवहन को मजबूत करने के लिए तीन महिला समूहों को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी और हितग्राहियों से आत्मीय संवाद किया।
उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रदर्शित ‘मोर गांव-मोर पानी’ मॉडल, बाला कॉन्सेप्ट आधारित आंगनबाड़ी, प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत मसानडबरा में आवास कॉलोनी, संदर्भ केंद्र और औषधीय पौधों की खेती के मॉडल का अवलोकन किया।
स्वच्छता ही सेवा, ग्रीन आर्मी और जेंडर रिसोर्स सेंटर के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग के स्टॉलों पर हितग्राहियों को चेक, प्रमाण पत्र, फिश बॉक्स और जाल वितरित किए।
कौशल विकास एवं युवा कार्यक्रम विभाग के स्टॉल पर जिले के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तैयार पर्यटन वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने सक्षम योजना के तहत हितग्राही जितेश्वरी साहू को 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। साथ ही, 5 कुपोषित बच्चों को सुपोषण किट और 5 किशोरी बालिकाओं को सुपोषण एवं स्वच्छता किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरूद अजय चंद्राकर, सचिव पंचायत विभाग निहारिका बारिक, कमिश्नर रायपुर संभाग महादेव कांवरे, संचालक पंचायत प्रियंका महोबिया,कलेक्टर अबिनाश मिश्रा,पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

