कोरबा। कोरबा नगर पालिक निगम के कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्षदों ने मंगलवार को कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की। पार्षदों ने आरोप लगाया कि उनके वार्डों में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है और विकास कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है।
पार्षदों ने बताया कि कोरबा में बार-बार बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर लगाने, बिजली दरों में बढ़ोतरी और हाफ बिजली बिल योजना बंद होने से उपभोक्ता परेशान हैं। हल्की हवा चलने पर भी बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। शहर के कई मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिन्हें ठीक करने की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। पेयजल आपूर्ति भी अनियमित है, और तकनीकी कारणों से सप्ताह में कई बार जल आपूर्ति बाधित हो रही है।
इसके अलावा, निगम क्षेत्र की सड़कें जर्जर हालत में हैं, और गड्ढों के कारण राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। 67 वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, खासकर वार्ड क्र. 38 चेकपोस्ट ढेंगुरनाला मुख्य मार्ग पर कचरा डंप होने से स्थानीय लोगों में रोष है।
पार्षदों ने यह भी उजागर किया कि महापौर द्वारा अंतिम संस्कार के लिए मुफ्त लकड़ी देने की घोषणा को चार महीने बीत जाने के बावजूद लागू नहीं किया गया।
इस दौरान पार्षद मुकेश राठौर, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. राम गोपाल कुर्रे,नारायण कुर्रे,प्रेमलता अविनाश बंजारे, बद्रीकिरण, रवि चंदेल, पूर्व पार्षद देवी दयाल सोनी, प्रदीप जायसवाल, पालुराम साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, बुद्धेश्वर चौहान सहित अन्य मौजूद थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















